मुम्बई: ओलंपियन महिला पहलवान विनेश फोगाट ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा है कि वह भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने वाली 6 महिला पहलवानों में शामिल थीं।
उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी कर बताया कि कुछ परिस्थितियों के कारण अब वह सामने आने के लिए मजबूर हुई हैं। विनेश के अनुसार, पहले वह इस मामले में अपनी पहचान उजागर नहीं करना चाहती थीं क्योंकि मामला अभी भी अदालत में लंबित है।
उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के दिशानिर्देशों के अनुसार किसी भी पीड़िता की पहचान उजागर नहीं की जानी चाहिए, क्योंकि यह उसकी गरिमा और सम्मान से जुड़ा मामला है।
उन्होंने कहा, “मैं इस मामले के निपटारे तक कुछ नहीं कहना चाहती थी, लेकिन अब मैं बताना चाहती हूं कि शिकायत दर्ज कराने वाली ६ पीड़िताओं में मैं भी एक हूं और हमारी गवाही अभी भी जारी है। किसी भी महिला के लिए ऐसी स्थिति में लड़ाई लड़ना बहुत कठिन होता है। ऐसी परिस्थिति का सामना करने वाला हर खिलाड़ी इसे समझ सकता है।”
विनेश ने यह भी बताया कि वह डेढ़ साल से खेल से दूर हैं, लेकिन पिछले कुछ महीनों से वापसी की तैयारी कर रही हैं।
उन्होंने अपनी पहचान उजागर करने का मुख्य कारण बताते हुए कहा कि डब्ल्यूएफआई द्वारा उत्तर प्रदेश के गोंडा में रैंकिंग टूर्नामेंट और ट्रायल आयोजित करने का फैसला लिया गया है।
विनेश ने कहा, “लगभग एक महीने पहले डब्ल्यूएफआई ने एक प्रतियोगिता आयोजित करने की घोषणा की थी। यह टूर्नामेंट उत्तर प्रदेश के गोंडा में होगा, जहां बृजभूषण का घर है। उनका अपना निजी कॉलेज है और वहीं प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। वहां निष्पक्ष परिणाम आने की संभावना बहुत कम है।”








