आईसीसी टेस्ट टीम रैंकिंग में भारत को एक स्थान का फायदा

IMG-20260502-WA0058

​नई दिल्ली: खेल की वैश्विक संस्था इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने वार्षिक टेस्ट टीम रैंकिंग जारी की है, जिसमें बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। भारतीय टेस्ट टीम एक स्थान आगे बढ़कर तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। शुभमन गिल की कप्तानी वाली इस टीम ने इंग्लैंड को पीछे छोड़ दिया है, जबकि ऑस्ट्रेलिया शीर्ष स्थान पर बरकरार है। रैंकिंग अपडेट में मई २०२५ के बाद खेले गए मैचों को प्राथमिकता दी गई है, जबकि उससे पहले खेले गए मैचों के प्रभाव को घटाकर ५० प्रतिशत कर दिया गया है। इसी कारण रैंकिंग में कुछ महत्वपूर्ण बदलाव हुए हैं। शीर्ष पर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम १३१ रेटिंग पॉइंट्स के साथ मजबूती से कायम है और उन्होंने अपनी बढ़त को और पुख्ता किया है। दूसरे स्थान पर वर्तमान वर्ल्ड टेस्ट चैंपियन दक्षिण अफ्रीका ११९ पॉइंट्स के साथ बना हुआ है।
​सबसे बड़ा बदलाव तीसरे स्थान के लिए हुआ है, जहाँ भारत १०४ पॉइंट्स के साथ एक पायदान ऊपर चढ़ गया है, जबकि इंग्लैंड १०२ पॉइंट्स के साथ चौथे स्थान पर खिसक गया है। इंग्लैंड को न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज जीत और पाकिस्तान में मिली सीरीज जीत जैसे पुराने मैचों का पूरा फायदा नहीं मिल सका। अन्य बदलावों में पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को पीछे छोड़ दिया है। पाकिस्तान ८९ पॉइंट्स के साथ छठे और श्रीलंका ८६ पॉइंट्स के साथ सातवें स्थान पर है। वहीं, पांचवें स्थान पर मौजूद न्यूजीलैंड के पास १०१ पॉइंट्स हैं। इसके अलावा वेस्टइंडीज, बांग्लादेश और आयरलैंड भी शीर्ष १० में बने हुए हैं। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) २०२५-२७ चक्र की बात करें तो भारत ४८.१५ अंक प्रतिशत के साथ छठे स्थान पर बना हुआ है। टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज और ऑस्ट्रेलिया दौरे पर बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में मिली हार के कारण भारी नुकसान हुआ है। डब्ल्यूटीसी तालिका में फिलहाल ऑस्ट्रेलिया ८७.५० अंक प्रतिशत के साथ शीर्ष पर और न्यूजीलैंड ७७.७८ अंक प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर काबिज है।

About Author

Advertisement