लोअर सियांग: अरुणाचल प्रदेश के लोअर सियांग जिले में पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ अपने अभियान को और अधिक प्रभावी बना दिया है। जिले में नए पुलिस अधीक्षक (एसपी) और उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) के पदभार ग्रहण करने के बाद लिकाबाली चेक गेट पर गहन चेकिंग और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में पुलिस ने लिकाबाली चेक गेट पर एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका, जिसकी पहचान लेपराडा जिले के न्यिगाम गांव निवासी सेम्मार बसर के रूप में हुई है। कार्यकारी मजिस्ट्रेट और स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में की गई तलाशी के दौरान आरोपी के पास से संदिग्ध हेरोइन और गांजा जब्त किया गया। लिकाबाली थाने में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा २१(ए) और २०(बी)(ii)(ए) के तहत मामला संख्या १४/२०२६ दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पिछले एक महीने के भीतर चलाए गए अलग-अलग अभियानों में अब तक ५ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से कुल १२.६४ ग्राम संदिग्ध हेरोइन और १०६ ग्राम गांजा बरामद किया गया है। नशा विरोधी अभियान के साथ-साथ पुलिस ने इनर लाइन परमिट की जांच भी तेज कर दी है, जिसके तहत लिकाबाली और नारी थाना क्षेत्रों में बीईएफआर अधिनियम की धारा ३ के अंतर्गत १५ गैर-एफआईआर मामले दर्ज किए गए हैं। लोअर सियांग पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध नशा कारोबार पर लगाम कसने के लिए इस तरह की कार्रवाई भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।









