पाक्योंग: भारत के प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत आज न्यायिक एवं प्राविधिक शिक्षा विषयक राष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेने के लिए सिक्किम पहुँचे। उक्त सम्मेलन मई माह की १ और २ तारीख को आयोजित होने वाला है। प्रधान न्यायाधीश के साथ भारत के सर्वोच्च न्यायालय के माननीय न्यायाधीशगण, देश के विभिन्न उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीश तथा अन्य विशिष्ट व्यक्तित्व भी उपस्थित हैं। प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रमंडल विधि शिक्षा संघ के प्रतिनिधियों की भी भागीदारी है, जो विधि एवं प्राविधिक शिक्षा के प्रसार में राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर की सहभागिता को दर्शाती है।प्रधान न्यायाधीश के आगमन के समय सिक्किम पुलिस द्वारा रांगपो स्थित पर्यटक सुविधा केंद्र में उन्हें औपचारिक सम्मान गार्ड प्रदान किया गया। प्रधान न्यायाधीश तथा उनके प्रतिनिधिमंडल का स्वागत सिक्किम उच्च न्यायालय की न्यायाधीश मीनाक्षी मदन राय, प्रधान पंजीयक कर्मा वांगचुक भूटिया, पंजीयक ज्योति खारका, विधि सचिव सुरज छेत्री, सिक्किम विधिक सेवा प्राधिकरण की सदस्य सचिव समिता शर्मा, पाक्योंग की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पारु रुचाल तथा अतिरिक्त जिला अधिकारी सबिन्द्र राय ने किया।इस अवसर पर सिक्किम विधिक सेवा प्राधिकरण के उपसचिव प्रवीण प्रधान सहित उच्च न्यायालय एवं प्राधिकरण के अन्य अधिकारी, रांगपो के चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन टोपदेन भूटिया, पाक्योंग की जिला परिवहन अधिकारी सुषमा प्रधान तथा गृह एवं पर्यटन विभाग के अधिकारियों की भी उपस्थिति रही।









