मुंबई इंडियंस के खिलाफ सनराइजर्स हैदराबाद की ६ विकेट से जीत

IMG-20260430-WA0001

मुंबई: इंडियन प्रीमियर लीग २०२६ के ४१वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने ५ बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस को ६ विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ हैदराबाद ९ मैचों में १२ अंक लेकर नेट रन रेट के आधार पर पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर पहुंच गया। वहीं मुंबई ८ मैचों में ६ हार के साथ ४ अंक लेकर नौवें स्थान पर है।
बुधवार को वानखेड़े स्टेडियम में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने ओपनर रायन रिकेल्टन के नाबाद १२३ रन की शानदार पारी की बदौलत २० ओवर में ५ विकेट खोकर २४३ रन बनाए। रिकेल्टन ने ५५ गेंदों में १० चौके और 8 छक्के लगाए। उन्होंने विल जैक्स के साथ पहले विकेट के लिए ७.१ ओवर में ९३ रन की साझेदारी की। जैक्स ने २२ गेंदों में ४६ रन बनाए, जिसमें ५ चौके और ३ छक्के शामिल थे।
इन दोनों के अलावा कप्तान हार्दिक पांड्या ने १५ गेंदों में ३१ रन बनाए। हालांकि सूर्यकुमार यादव सिर्फ ५ रन बनाकर आउट हो गए, जबकि तिलक वर्मा ने ७ रन बनाए। नमन धीर ने २२ रन का योगदान दिया। हैदराबाद की ओर से प्रफुल्ल हिंगे ने २ विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने १८.४ ओवर में ही २४९ रन बनाकर मैच जीत लिया। ट्रेविस हेड ने ३० में ७६ रन की तेज पारी खेली, जिसमें ८ छक्के और ४ चौके शामिल थे। उन्होंने अभिषेक शर्मा के साथ पहले विकेट के लिए ५२ गेंदों में १२९ रन की साझेदारी की। अभिषेक ने २४ गेंदों में ४५ रन बनाए।
हालांकि कप्तान ईशान किशन खाता खोले बिना आउट हो गए, लेकिन हेनरिक क्लासेन ने नाबाद ६५ रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। उन्होंने ३० गेंदों में ७ चौके और ४ छक्के लगाए। इसके अलावा नितीश कुमार रेड्डी ने २१ और सलिल अरोड़ा ने नाबाद ३० रन का योगदान दिया। अरोड़ा ने १० गेंदों में ३ छक्के और २ चौके लगाए।
मुंबई की ओर से एएम गजनफार ने २ विकेट हासिल किए।

About Author

Advertisement