मुंबई: महिला टी२० वर्ल्ड कप २०२६ की तैयारियाँ शुरू हो चुकी हैं। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट इंग्लैंड में १२ जून से ५ जुलाई तक खेला जाएगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) शनिवार शाम 5 बजे मुंबई स्थित मुख्यालय में २०२६ महिला टी२० वर्ल्ड कप के लिए १५ सदस्यीय टीम की घोषणा करेगा।
चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर, मुख्य चयनकर्ता अस्मिता शर्मा और बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीम की घोषणा करेंगे। इसके साथ ही चयन समिति इंग्लैंड के खिलाफ २८ मई से २ जून के बीच खेले जाने वाली ३ मैचों की टी२० सीरीज, लॉर्ड्स में १० से १३ जुलाई तक होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच और इंग्लैंड ए के खिलाफ भारत ए टीम का भी चयन करेगी।
महिला टी२० वर्ल्ड कप में भारत ग्रुप १ में शामिल है। इस ग्रुप में भारत के साथ ६ बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, पाकिस्तान, बांग्लादेश और नीदरलैंड्स हैं।
टी२० प्रारूप में भारतीय टीम का हालिया प्रदर्शन खास अच्छा नहीं रहा है और हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ५ मैचों की सीरीज में टीम को ४-१ से हार का सामना करना पड़ा था। भारतीय टीम २०२० में ऑस्ट्रेलिया में खेले गए टी२० वर्ल्ड कप में उपविजेता रही थी, लेकिन अब तक खिताब नहीं जीत सकी है।
पिछले साल घरेलू मैदान पर वनडे वर्ल्ड कप जीतने के बाद टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है और इस बार खिताब जीतने का अच्छा मौका माना जा रहा है।
महिला टी२० वर्ल्ड कप के लिए मेजबान इंग्लैंड और न्यूजीलैंड अपनी १५ सदस्यीय टीम पहले ही घोषित कर चुके हैं। इस बार टूर्नामेंट में रिकॉर्ड १२ टीमें हिस्सा लेंगी। यह प्रतियोगिता ७ अलग-अलग स्थानों पर कुल ३३ मैचों के साथ आयोजित की जाएगी।









