नई दिल्ली: आईपीएल २०२६ में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ खेले गए मैच के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है। मैच के दौरान उनके आक्रामक और अशिष्ट व्यवहार के कारण उन पर मैच फीस का २० प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। यह घटना मैच के पांचवें ओवर में हुई जब रघुवंशी को ‘अब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड’ नियम के तहत आउट करार दिया गया। इस फैसले से नाराज रघुवंशी ने न केवल मैदान पर अंपायरों के साथ बहस की, बल्कि पवेलियन लौटते समय बाउंड्री कुशन पर अपना बल्ला दे मारा और डगआउट में अपना हेलमेट भी फेंक दिया।
आईपीएल द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, रघुवंशी को आचार संहिता के लेवल १ के उल्लंघन का दोषी पाया गया है। उन्होंने आर्टिकल २.२ का उल्लंघन किया है, जो खेल के उपकरणों या मैदान की संपत्ति के दुरुपयोग से संबंधित है। आर्थिक दंड के साथ-साथ उनके खाते में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ दिया गया है। रघुवंशी ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए मैच रेफरी के फैसले को मान लिया है। आईपीएल के नियमों के तहत लेवल १ के मामलों में मैच रेफरी द्वारा लिया गया निर्णय अंतिम होता है।










