स्लैपगेट’ विवाद: श्रीसंत ने हरभजन सिंह के खिलाफ तोड़ी चुप्पी, लगाए गंभीर आरोप

IMG-20260425-WA0057

​नई दिल्ली: आईपीएल इतिहास का सबसे चर्चित ‘स्लैपगेट’ विवाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर एस. श्रीसंत और हरभजन सिंह के रिश्तों में आई कड़वाहट अब खुलकर सामने आ गई है। एक समय इस विवाद को पीछे छोड़कर आगे बढ़ चुके दोनों खिलाड़ी अब फिर आमने-सामने हैं। श्रीसंत ने हरभजन पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि उन्होंने इस विवाद पर आधारित एक विज्ञापन से मोटी कमाई की है।
​मलयालम समाचार आउटलेट ‘मातृभूमि’ से बात करते हुए श्रीसंत ने कहा, “मैंने भज्जी (हरभजन) के बारे में अब तक किसी भी इंटरव्यू में बात नहीं की थी, लेकिन आज पहली बार बोल रहा हूं। उन्होंने स्लैपगेट विवाद पर एक विज्ञापन बनाया और लगभग ८० लाख रुपये कमाए। उन्होंने मुझे फोन करके उसे अपने इंस्टाग्राम पर शेयर करने को कहा था, जिसे मैंने साफ तौर पर मना कर दिया।”
​श्रीसंत ने स्पष्ट किया कि २००८ में हुई उस घटना के लिए उन्होंने हरभजन को माफ तो कर दिया है, लेकिन वे उसे भूले नहीं हैं। उन्होंने कहा, “मैं माफ कर सकता हूं लेकिन कभी भूल नहीं सकता। अगर आप भूल जाते हैं, तो वह व्यक्ति फिर वही गलती दोहराएगा।” पूर्व तेज गेंदबाज ने यह भी खुलासा किया कि अब उनके और हरभजन के बीच कोई संबंध नहीं है। उन्होंने बताया, “फिलहाल मेरा उस व्यक्ति से कोई रिश्ता नहीं है। मैं उन्हें अपना बड़ा भाई मानता था, लेकिन पिछले २-३ महीनों के घटनाक्रम के बाद मैंने उन्हें इंस्टाग्राम पर ब्लॉक कर दिया है।”
​गौरतलब है कि २००८ के आईपीएल सीजन के दौरान मुंबई इंडियंस के लिए खेल रहे हरभजन सिंह ने किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाड़ी श्रीसंत को थप्पड़ जड़ दिया था। उस घटना को आईपीएल के सबसे बड़े विवादों में से एक माना जाता है, जिसके बाद हरभजन पर प्रतिबंध भी लगाया गया था। इस नए विवाद ने साफ कर दिया है कि पुराने घाव अभी भी ताजे हैं और दोनों खिलाड़ियों के बीच की दरार फिर से गहरी हो गई है।

About Author

Advertisement