न्यूयॉर्क में बिहार दिवस की धूम

1776782435

४ प्रवासी भारतीयों को मिला ‘बिहार विश्व गौरव सम्मान’

नई दिल्ली: न्यूयॉर्क स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास में ‘बिहार दिवस २०२६’ के अवसर पर एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। ‘बिहार फाउंडेशन ऑफ यूएसए’ और ‘बिहार झारखंड एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका’ के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में बिहार मूल के चार प्रमुख प्रवासी भारतीयों को उनकी असाधारण उपलब्धियों के लिए ‘बिहार विश्व गौरव सम्मान २०२६’ से नवाजा गया। सम्मानित होने वाले दिग्गजों में विश्व बैंक समूह के वैश्विक निदेशक सरोज कुमार झा, फुलक्रम डिजिटल के अध्यक्ष राजेश सिन्हा, एएमडी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हमुख रंजन और सिल्वामो के मुख्य डिजिटल अधिकारी संजय चौबे शामिल हैं। इन हस्तियों को वैश्विक स्तर पर बिहार का मान बढ़ाने के लिए यह सम्मान दिया गया।
​कार्यक्रम के दौरान न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्य दूत बिनय प्रधान ने प्रवासी समुदाय के बीच बिहार के बढ़ते प्रभाव की सराहना की। उन्होंने कहा कि आज वैश्विक पटल पर बिहार की उपस्थिति पहले से कहीं अधिक मजबूत हुई है। वहीं, बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने अपने संदेश में बिहार को बदलाव के लिए तैयार बताते हुए प्रवासी समुदाय से राज्य की विकास यात्रा में भागीदार बनने की अपील की। इस अवसर पर शांता मिश्रा की पुस्तक ‘गांव की मिट्टी मिटने नहीं देती’ का विमोचन भी किया गया। समारोह की शाम सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजी रही, जिसमें सम्राट अशोक के युग से लेकर आधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआईI) तक बिहार के सफर को एक खूबसूरत नाट्य प्रस्तुति के जरिए दिखाया गया।

About Author

Advertisement