मैड्रिड: दुनिया के चौथे नंबर के खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने लंबे समय से जारी चोट के कारण मैड्रिड ओपन टेनिस टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया है। जोकोविच ने इंडियन वेल्स में आयोजित बीएनपी परिबास ओपन के बाद से किसी भी प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं लिया है। वह दाहिने कंधे की चोट के कारण मियामी ओपन से बाहर रहे थे और मोंटे कार्लो मास्टर्स में भी शिरकत नहीं की थी।
जोकोविच ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा कि दुर्भाग्य से वह इस साल मैड्रिड ओपन में हिस्सा नहीं ले पाएंगे और जल्द ही खेल में वापसी के लिए अपनी रिकवरी जारी रखेंगे। उन्होंने अपने संदेश के अंत में ‘हस्ता प्रोंतो’ (जल्द फिर मिलेंगे) लिखा। उल्लेखनीय है कि जोकोविच मैड्रिड ओपन के तीन बार के चैंपियन रहे हैं। टूर्नामेंट के आयोजकों द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि उन्हें जोकोविच की जल्द वापसी की उम्मीद है और वे काजा मागिका स्टेडियम में एक बार फिर उनके खेल का आनंद लेना चाहते हैं। आयोजकों ने उन्हें एक चैंपियन खिलाड़ी बताया है।











