डरबन: भारतीय महिला क्रिकेट टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टी२० अंतरराष्ट्रीय मैच में ६ विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही मेजबान दक्षिण अफ्रीका ने ५ मैचों की टी२० सीरीज़ में १-० की बढ़त हासिल कर ली।
किंग्समीड मैदान में टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारतीय टीम ने २० ओवर में ७ विकेट खोकर १५८ रन बनाए। भारत के लिए कप्तान हरमनप्रीत कौर ने सबसे ज़्यादा ४७ रन बनाए। इसके अलावा जेमिमा रोड्रिग्स ने ३६ और शेफाली वर्मा ने ३४ रन का योगदान दिया। हरमनप्रीत और जेमिमा ने तीसरे विकेट के लिए ७१ रन की साझेदारी की। हरमनप्रीत ने ३३ गेंदों में ५ चौके और १ छक्का लगाया, जबकि जेमिमा ने २९ गेंदों में २ चौके और १ छक्का जड़ा। शेफाली ने भी हरमनप्रीत के बराबर ही बाउंड्री लगाईं। आखिरी ओवरों में तेज़ी से विकेट गिरने के कारण भारत तेज़ी से रन नहीं बना सका।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से अयाबोंगा खाका ने ३ और तुमी शेखुखुने ने २ विकेट लिए।
जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने १९.१ ओवर में ४ विकेट पर १५९ रन बनाकर मैच जीत लिया। टीम की शुरुआत खराब रही, लेकिन कप्तान लौरा वोल्वार्ट ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए टीम को संभाला। वोल्वार्ट ने ३९ गेंदों में ८ चौकों की मदद से ५१ रन बनाए। इसके अलावा एनेरी डर्कसेन ने ३४ गेंदों में ४ चौके और १ छक्के की मदद से ४४ रन बनाए। क्लो टायरन १८ और एनेके बॉश ८ रन बनाकर नाबाद रहीं। भारत की ओर से श्रेयंका पाटिल ने २ विकेट लिए।











