फिटनेस टेस्ट पास कर मैदान में उतरने को तैयार पैट कमिंस

IMG-20260416-WA0045

हैदराबाद: आईपीएल २०२६ के दूसरे चरण से पहले कप्तान पैट कमिंस की वापसी की खबर से सनराइजर्स हैदराबाद को बड़ी राहत मिली है। ताजा स्कैन के बाद उन्हें गेंदबाजी करने की अनुमति मिल गई है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि सिडनी में हुई पीठ की ताजा जांच के बाद पैट कमिंस को बिना किसी प्रतिबंध के फिर से गेंदबाजी शुरू करने की पूरी अनुमति दे दी गई है। इसके साथ ही बोर्ड ने यह भी बताया कि उनकी पुरानी पीठ की चोट अब पूरी तरह ठीक हो चुकी है।
कमिंस २०२५ से ही पीठ की चोट से जूझ रहे थे, जिसके कारण वह आईपीएल २०२६ के शुरुआती ५ मैचों में नहीं खेल पाए थे। इस चोट के चलते वह कुछ प्रमुख टूर्नामेंटों से भी बाहर रहे। वह आईपीएल सीजन शुरू होने से पहले ही भारत आ गए थे और नेट्स में गेंदबाजी कर रहे थे। उन्होंने टूर्नामेंट के दूसरे हिस्से में खेलने की उम्मीद जताई थी।
हालांकि कमिंस ने फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है, लेकिन उन्हें जल्दबाजी में तुरंत मैदान पर नहीं उतारा जाएगा। रिपोर्ट के अनुसार, वह २५ अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच से मैदान में वापसी कर सकते हैं। ऐसे में टीम को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ अगले मैच में उनकी सेवाएं नहीं मिलेंगी। टीम मैनेजमेंट उनके वर्कलोड और मैच फिटनेस को ध्यान में रखते हुए सावधानी से फैसला लेना चाहता है।
कमिंस की गैरमौजूदगी में फिलहाल ईशान किशन सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी कर रहे हैं। कमिंस के टीम में लौटने के बाद उनके दोबारा कप्तान बनने की संभावना है। इसके अलावा उनकी वापसी से टीम की गेंदबाजी आक्रमण भी मजबूत होगा। उनकी अनुपस्थिति में टीम ने प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन जैसे युवा खिलाड़ियों को मौका दिया था, जिन्होंने पिछले मैच में प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

About Author

Advertisement