कोपेनहेगन: विश्व बैडमिंटन के महान खिलाड़ी, दो बार के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता और दो बार के विश्व चैंपियन डेनमार्क के विक्टर एक्सेलसेन ने पेशेवर बैडमिंटन से संन्यास लेने की घोषणा की है। ३२ वर्ष की उम्र में लिया गया यह फैसला खेल जगत के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।
एक्सेलसेन ने बताया कि लंबे समय से चल रही गंभीर पीठ की चोट के कारण उन्हें यह कठिन निर्णय लेना पड़ा। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में चोट ने उनके करियर को गंभीर रूप से प्रभावित किया।
इंस्टाग्राम पोस्ट में उन्होंने लिखा कि सर्जरी और लंबी रिहैब के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। अक्टूबर में फिर चोट लगने के बाद वे शीर्ष स्तर पर अभ्यास या प्रतिस्पर्धा करने में असमर्थ हो गए।
डॉक्टरों की सलाह के बाद उन्होंने संन्यास लेने का निर्णय लिया, क्योंकि आगे फिर से सर्जरी या जटिल ऑपरेशन की आवश्यकता पड़ सकती थी।
अपने शानदार करियर में एक्सेलसेन ने २०१६ रियो ओलंपिक में कांस्य, २०२० टोक्यो और २०२४ पेरिस ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीते। वे लंबे समय तक विश्व नंबर-१ रहे और लगातार १०० हफ्तों तक शीर्ष स्थान पर रहने का रिकॉर्ड भी बनाया।
उनकी विदाई को बैडमिंटन जगत के लिए एक युग के अंत के रूप में देखा जा रहा है।









