नई दिल्ली: किर्गिस्तान के बिश्केक में आयोजित सीनियर एशियन कुश्ती चैंपियनशिप २०२६ में भारतीय पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का मान बढ़ाया है। विश्व अंडर-२३ चैंपियन सुजीत और प्रतिभाशाली पहलवान अभिमन्यु ने पुरुषों के फ्रीस्टाइल वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर भारत की झोली में दो बड़ी सफलताएं डालीं। सुजीत ने ६५ किग्रा भार वर्ग के फाइनल में उज्बेकिस्तान के उमिदजोन जलोलोव को ८-१ से करारी शिकस्त दी। इसी के साथ वे २०१९ में बजरंग पूनिया की उपलब्धि के बाद इस वर्ग में स्वर्ण जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं।
सुजीत की इस जीत के तुरंत बाद ७० कि.ग्रा. वर्ग में अभिमन्यु ने भारत के उत्साह को दोगुना कर दिया। फाइनल मुकाबले में एक समय ०-२ से पिछड़ने के बावजूद अभिमन्यु ने गजब की वापसी की और मंगोलिया के तुलगा तुमुर ओचिर को ५-३ से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। हालांकि, ७९ किग्रा वर्ग में संदीप मान स्वर्ण की हैट्रिक पूरी करने से चूक गए और उन्हें फाइनल में १-२ के बेहद करीबी अंतर से हार का सामना करना पड़ा, जिसके चलते उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
प्रतियोगिता के अन्य मुकाबलों में अंकुश ने ५७ किग्रा वर्ग में जापान के फुगा सासाकी को ८-२ से हराकर देश के लिए कांस्य पदक जीता। भारत अब तक इस चैंपियनशिप में कुल १४ पदक हासिल कर चुका है, जिसमें २ स्वर्ण, ४ रजत और ८ कांस्य पदक शामिल हैं। प्रतियोगिता के अंतिम दिन अभी भारत की उम्मीदें बाकी हैं, क्योंकि पेरिस ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता अमन सहरावत और मुकुल दहिया अपने-अपने भार वर्गों के फाइनल में प्रवेश कर चुके हैं।











