इंग्लिश प्रीमियर लीग: आर्सेनल की चौंकाने वाली हार, लिवरपूल ने दर्ज की शानदार जीत

IMG-20260412-WA0047

लंदन: इंग्लिश प्रीमियर लीग के ताजा मुकाबलों में खिताबी दौड़ रोमांचक मोड़ पर पहुंच गई है। शनिवार रात खेले गए मैचों में तालिका में शीर्ष पर काबिज आर्सेनल की विजय रथ को बोर्नमाउथ ने रोक दिया, जबकि लिवरपूल ने अपने घरेलू मैदान पर दबदबा कायम रखते हुए जीत हासिल की।
​एमिरेट्स स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में आर्सेनल को बोर्नमाउथ के खिलाफ १-२ से निराशाजनक हार झेलनी पड़ी। चैंपियंस लीग में स्पोर्टिंग लिस्बन के खिलाफ होने वाले महत्वपूर्ण मैच से पहले इस हार को आर्सेनल के मनोबल के लिए एक झटके के रूप में देखा जा रहा है। खेल के १७वें मिनट में एली जूनियर क्रोपी ने गोल कर बोर्नमाउथ को शुरुआती बढ़त दिलाई। हालांकि, ३५वें मिनट में विक्टर ग्योकेरेस ने पेनल्टी को गोल में बदलकर आर्सेनल को बराबरी पर ला खड़ा किया, लेकिन ७४वें मिनट में एलेक्स स्कॉट ने निर्णायक गोल दागकर बोर्नमाउथ की जीत पक्की कर दी। इस हार के बावजूद आर्सेनल ३२ मैचों में ७० अंकों के साथ शीर्ष पर बना हुआ है।
​दूसरी ओर, एनफील्ड में लिवरपूल ने फुलहम को २-० से हराकर पूरे तीन अंक बटोरे। लिवरपूल ने मैच की शुरुआत से ही नियंत्रण बनाए रखा और मध्यांतर से पहले ही जीत की पटकथा लिख दी। टीम के लिए रियो एन्गुमोहा ने ३६वें मिनट में पहला गोल किया, जिसके ठीक चार मिनट बाद ४०वें मिनट में मोहम्मद सलाह ने दूसरा गोल दागकर बढ़त दोगुनी कर दी। इस जीत के साथ लिवरपूल ५२ अंकों के साथ अंक तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गया है।
​लीग के अन्य मैचों की बात करें तो वेस्ट हैम ने शानदार खेल दिखाते हुए वुल्व्स को ४-० से रौंद दिया, जबकि बर्नली ने ब्राइटन पर २-० से जीत दर्ज की। वहीं, ब्रेंटफोर्ड और एवर्टन के बीच खेला गया मुकाबला २-२ की बराबरी पर समाप्त हुआ।

About Author

Advertisement