कोलकाता: कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान की जगह जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी को टीम में शामिल किया है। केकेआर ने मुजरबानी को टीम में शामिल किए जाने की पुष्टि की है।
आईपीएल में खेलने के कारण मुजरबानी अब पाकिस्तान सुपर लीग में इस्लामाबाद यूनाइटेड की ओर से नहीं खेल पाएंगे। उन्होंने अपने फैसले की जानकारी पीएसएल फ्रेंचाइजी को दे दी है।
पिछले साल दिसंबर में हुई खिलाड़ियों की नीलामी में केकेआर ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को ९.२० करोड़ रुपये में खरीदा था। उनका आधार मूल्य २ करोड़ रुपये था।
३० वर्षीय इस गेंदबाज को टीम में शामिल करने पर केकेआर के सह-मालिक शाहरुख खान की काफी आलोचना भी हुई थी। बाद में बांग्लादेश के साथ राजनीतिक तनाव के कारण बीसीसीआई के निर्देश पर केकेआर ने मुस्ताफिजुर रहमान को टीम से रिलीज कर दिया।
इससे पहले मुजरबानी ने पाकिस्तान सुपर लीग में मुल्तान सुल्तान को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। इसके बाद ११ फरवरी को हुई पीएसएल की नीलामी में उन्हें किसी फ्रेंचाइजी ने नहीं खरीदा था। बाद में इस्लामाबाद की फ्रेंचाइजी ने उन्हें वेस्ट इंडीज के तेज गेंदबाज शमार जोसेफ की जगह टीम में शामिल किया था।









