असम: एसएसबी द्वारा निःशुल्क पशु स्वास्थ्य शिविर संपन्न

IMG-20260313-WA0055

सुमन गड़तोला

मटंगापार: सीमावर्ती क्षेत्र के सर्वांगीण विकास तथा स्थानीय जनता के साथ बेहतर संबंध स्थापित करने के उद्देश्य से आज ६४वीं बटालियन सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की पहल पर निःशुल्क पशु स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया।
बरमा स्थित ६४वीं बटालियन के कमांडेंट अनुज कुमार के विशेष निर्देशन में तथा उत्तर–पूर्व क्षेत्र के लिए नागरिक कल्याण योजना के अंतर्गत दरंगा सीमा चौकी के अधीन आने वाले तामुलपुर जिले के मटंगापार में यह जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किया गया।
गुवाहाटी सीमा मुख्यालय के चिकित्सक डॉ. ई. चौबा सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में क्षेत्र के किसानों ने अपनी गाय-भैंस, बछड़े-बछड़ियां, बकरियां तथा सूअर जैसे पशुओं की स्वास्थ्य जांच कराई और विशेषज्ञों से आवश्यक परामर्श भी प्राप्त किया।
उल्लेखनीय है कि शिविर में लगभग ४० से अधिक पशुओं का निःशुल्क उपचार किया गया तथा आवश्यक दवाइयां भी पूरी तरह निःशुल्क वितरित की गईं। इस कार्यक्रम से मटंगापार क्षेत्र के २३ परिवार प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित हुए हैं।

एसएसबी की इस सकारात्मक पहल पर संतोष व्यक्त करते हुए मटंगापार के गांवबुजुर्ग मनु बोडो तथा स्थानीय निवासियों ने सुरक्षा बल के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की है। उनका मानना है कि ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों से सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा बल और आम जनता के बीच संबंध और अधिक मजबूत होंगे।

About Author

Advertisement