नई दिल्ली: ब्राजील के घरेलू टूर्नामेंट कैम्पियोनाटो मिनेरो (मिनास जेरेइस स्टेट चैम्पियनशिप) के फाइनल में क्रूजेरो और एट्लेटिको मिनेरो के बीच खेल के दौरान एक नया विवादित रिकॉर्ड बन गया। मैच में कुल २३ खिलाड़ियों को रेड कार्ड दिखाए गए।
मैच के अंत तक एट्लेटिको मिनेरो १-० से आगे था। लेकिन अंतिम क्षणों में मैदान रणक्षेत्र में बदल गया, जब एट्लेटिको मिनेरो के गोलकीपर एवर्सन ने क्रूजेरो के मिडफील्डर क्रिस्टियन को घुटने से चेहरे पर मार दिया। इसके बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी, बेंच खिलाड़ी, कोच और अन्य स्टाफ मैदान में कूद पड़े और हिंसक झड़प शुरू हो गई।
सुरक्षा अधिकारियों ने मैदान में उतरकर स्थिति को शांत किया। इसके बाद रेफरी मेथियस डेलगाडो ने एक-एक करके २३ खिलाड़ियों को रेड कार्ड दिखाया, जिसमें क्रूजेरो के १२ और एट्लेटिको मिनेरो के ११ खिलाड़ी शामिल थे। ब्राजील के स्टार फॉरवर्ड हल्क भी इन खिलाड़ियों में थे।
इससे पहले १९५४ में पुर्तुगेसा और बोटाफोगो के बीच हुए मैच में २२ रेड कार्ड दिखाए गए थे। फाइनल में १-० की बढ़त बनाए रखने वाले एट्लेटिको मिनेरो को चैम्पियन घोषित किया गया।










