कोलकाता: मंगलवार को टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी की अपील के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने धर्मतल्ला मेट्रो चैनल पर अपना पांच दिनों का धरना अस्थायी रूप से समाप्त करने का फैसला किया। अभिषेक ने वोटर सूची मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले को ‘मां-माटी-मानुष की जीत’ बताया और दावा किया कि शीर्ष अदालत ने उनकी सभी प्रमुख मांगों को मान्यता दी है।
अभिषेक ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी तीखा हमला किया और कहा कि पत्रकारों के सवालों का जवाब न देकर वह “दुम दबाकर भाग गए”। उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने बंगाल के मामले को “विशेष मामला” माना है और मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए अंतिम अवसर भी उपलब्ध कराया गया है।
अभिषेक ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि जिन लोगों के नाम मतदाता सूची से हटे हैं, उन्हें फॉर्म-6 भरने और डीईओ या ब्लॉक कार्यालय में आवेदन करने में मदद करें, चाहे वे किसी भी दल, धर्म या जाति के हों।










