प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रवि लामिछाने और बालेन शाह को दी बधाई
काठमांडू: नेपाल के प्रतिनिधि सभा चुनाव में राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी बड़ी जीत की ओर बढ़ती दिखाई दे रही है। प्रारम्भिक नतीजों के अनुसार प्रत्यक्ष निर्वाचन प्रणाली के तहत इस पार्टी ने १२५ सीटें जीत ली हैं।
इस बीच भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी के सभापति रवि लामिछाने और वरिष्ठ नेता बालेन्द्र (बालेन) शाह को टेलीफोन कर बधाई दी है।
मोदी ने दोनों नेताओं से आत्मीय बातचीत करने का उल्लेख करते हुए कहा कि आने वाले दिनों में नेपाल-भारत संबंध और मजबूत होने की उम्मीद है।
निर्वाचन आयोग के अनुसार प्रतिनिधि सभा चुनाव के तहत ‘फर्स्ट पास्ट द पोस्ट’ प्रणाली में १६५ में से १६४ निर्वाचन क्षेत्रों के परिणाम आ चुके हैं। जारी नतीजों के मुताबिक राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी १२५ सीटों के साथ आगे है।
दूसरे स्थान पर रही नेपाली कांग्रेस ने १८ सीटों पर जीत दर्ज की है। इसके बाद क्रमशः नेकपा एमाले, नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी, श्रम संस्कृति पार्टी और राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी (राप्रपा) का स्थान है।
समानुपातिक प्रणाली के तहत ९९ लाख से अधिक वोटों की गिनती पूरी हो चुकी है, जिनमें राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी को ४७ लाख ८० हजार से अधिक वोट मिले हैं।
निर्वाचन आयोग के अनुसार अभी करीब नौ लाख वोटों की गिनती बाकी है और अंतिम परिणाम जल्द जारी होने की संभावना है।









