पल्लेकेले: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद पुरुष ट्वेंटी-ट्वेंटी विश्व कप के सुपर आठ चरण के अंतर्गत रविवार को खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड ने श्रीलंका को ५१ रन से पराजित किया। पल्लेकेले अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने २० ओवर में ९ विकेट पर १४६ रन बनाए। जवाब में श्रीलंका की टीम १६.४ ओवर में मात्र ९५ रन पर सिमट गई।
इंग्लैंड की ओर से विल जैक्स ने बल्ले और गेंद दोनों से प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उन्होंने १४ गेंदों में २१ रन बनाने के साथ ३ विकेट भी लिए और उन्हें ‘मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी’ चुना गया।
१४७ रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने पावरप्ले में ही ५ विकेट गंवा दिए। ३४ रन पर ५ विकेट गिरने के बाद श्रीलंकाई टीम मुकाबले में वापसी नहीं कर सकी। पाथुम निस्सांका ने ९, कामिल मिशारा ने ६, कुसल मेंडिस ने ४ और दुनिथ वेल्लालागे ने १० रन बनाए, जबकि पवन रत्नायके खाता भी नहीं खोल सके।
निराशाजनक शुरुआत के बाद कप्तान दासुन शनाका ने २४ गेंदों में ३० रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, जिसमें २ छक्के और एक चौका शामिल था। कामिंडु मेंडिस १३ रन बनाकर आउट हुए, जबकि महेश तीक्ष्णा १० रन पर नाबाद रहे।
इंग्लैंड की गेंदबाजी में विल जैक्स ने ३ विकेट लिए। इसके अलावा जोफ्रा आर्चर, लियाम डॉसन और आदिल राशिद ने २-२ विकेट हासिल किए।
इससे पहले इंग्लैंड की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। फिल साल्ट ने एक छोर संभाले रखा, लेकिन दूसरे छोर पर लगातार विकेट गिरते रहे। शीर्ष क्रम में जोस बटलर ७, जैकब बेथेल ३ और टॉम बेंटन 6 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान हैरी ब्रूक और हरफनमौला सैम करन ने क्रमशः १४ और ११ रन बनाए।
लगातार विकेट गिरने के बावजूद फिल सॉल्ट ने ४० गेंदों में ६२ रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जिसमें ६ चौके और २ छक्के शामिल थे। अंतिम ओवरों में विल जैक्स ने तेज २१ रन जोड़कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। श्रीलंका की ओर से दुनिथ वेल्लालागे ने सर्वाधिक ३ विकेट लिए।









