अटलांटा के पास होटल में गोलीबारी, नेपाली मूल के पुलिसकर्मी की मौत

sanmarg_2026-02-02_mt5smwtq_HAG3CZYXIAA4wvK

लॉरेंसविले: अटलांटा के उपनगरीय क्षेत्र में स्थित एक होटल में रविवार को पूछताछ के लिए पहुँची पुलिस पर एक व्यक्ति ने कथित तौर पर गोलीबारी कर दी। इस घटना में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
ग्विनेट काउंटी पुलिस प्रमुख जेडी मैक्लुर ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि गोलीबारी के संदिग्ध को भी एक अधिकारी ने गोली मारी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना अटलांटा से लगभग ४० किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्टोन माउंटेन के पास रविवार सुबह हुई।
मैक्लुर के अनुसार, पुलिस को एक फोन कॉल प्राप्त हुआ था, जिसमें बताया गया कि होटल में कमरा लेने के लिए एक व्यक्ति कथित तौर पर धोखाधड़ी या जालसाजी कर रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस को होटल भेजा गया। संदिग्ध ने स्वयं पुलिसकर्मियों को अपने कमरे में आने के लिए आमंत्रित किया।
पुलिस प्रमुख ने कहा, “अधिकारियों ने उससे घटना को लेकर बातचीत शुरू की, लेकिन कुछ ही देर बाद संदिग्ध ने अचानक एक बंदूक निकाली और बिना किसी उकसावे के हमारे ग्विनेट काउंटी पुलिस अधिकारियों पर गोली चला दी।”
घटना में घायल अधिकारी प्रदीप तमांग (२५) की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। नेपाल मूल के तमांग पिछले वर्ष ही ग्विनेट काउंटी पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। वहीं, अधिकारी डेविड रीड को गंभीर हालत में रविवार दोपहर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने गोलीबारी के संदिग्ध की पहचान केविन एंड्रयूज (३५) के रूप में की है।

About Author

Advertisement