बारामती विमान हादसे की जांच सीआईडी को सौंपी गई

IMG-20260128-WA0045

मुंबई: महाराष्ट्र के बारामती में हुए विमान हादसे की जांच अब राज्य अपराध जांच विभाग (सीआईडी) करेगा। इस दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार सहित पांच लोगों की मौत हो गई थी।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि २८ जनवरी को पुणे जिले के बारामती में हुए हादसे के बाद दर्ज आकस्मिक मौत के मामले की जांच सीआईडी को सौंपने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। पुणे ग्रामीण पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा १९४ के तहत मामला दर्ज कर उसे सीआईडी को स्थानांतरित किया है।
हादसे में निजी विमान में सवार अजित पवार (६६), पायलट कैप्टन सुमित कपूर, सह-पायलट कैप्टन शांभवी पाठक, निजी सुरक्षा अधिकारी विदिप जाधव और विमान परिचारिका पिंकी माली की मौत हो गई थी। कैप्टन कपूर को १५ हजार घंटे से अधिक और सह-पायलट को करीब १,५०० घंटे का उड़ान अनुभव था।
इस बीच नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अधीन विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने भी दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे का ब्लैक बॉक्स बरामद कर लिया गया है। दुर्घटना को लेकर सामने आए वीडियो फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर विभिन्न संभावनाओं की जांच की जा रही है।
सरकार ने दुर्घटना के दिन स्पष्ट किया था कि विमान के उतरते समय इलाके में घना कोहरा था। प्रारंभिक संपर्क के दौरान पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को रनवे दिखाई न देने की सूचना दी थी। हालांकि, कुछ राजनीतिक नेताओं ने साजिश की आशंका जताई है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग की है।
सीआईडी की एक टीम पुणे ग्रामीण पुलिस से संबंधित दस्तावेज एकत्र करेगी और बारामती हवाई पट्टी के पास दुर्घटनास्थल का निरीक्षण करेगी। साथ ही, मुंबई से उड़ान भरने से पहले विमान में किसी प्रकार की छेड़छाड़ की आशंका को भी जांच के दायरे में रखा गया है।

About Author

Advertisement