२० जनवरी: पहली बार एक सिनेमेटोग्राफर को मिला दादा साहब फाल्के पुरस्कार

January 20. Date circled with a red color marker isolated on blank background. Vector Illustration (EPS file, well layered and grouped). Easy to edit, manipulate, resize or colorize. Vector and Jpeg file of different sizes.

नयी दिल्ली: फिल्म निर्माण की बात करें तो संख्या के लिहाज से भारत दुनिया में सबसे ज्यादा फिल्में बनाने वाले देशों में शुमार है और हर फिल्म के निर्माण में पर्दे के पीछे से सहयोग देने वालों में सिनेमेटोग्राफर का एक अहम योगदान होता है। फिल्म निर्माण में उल्लेखनीय योगदान देने वालों को पुरस्कृत करने के लिए वर्ष १९६९ में दादा साहब फाल्के पुरस्कार की स्थापना की गई और फिल्मी दुनिया के महान सिनेमेटोग्राफर वी के मूर्ति को वर्ष २००८ का दादा साहब फाल्के पुरकार दिया गया। यह पहला मौका था जब किसी सिनेमेटोग्राफर को फिल्मी दुनिया के इस शीर्ष सम्मान से पुरस्कृत किया गया।
पिछली पीढ़ी के लोग वी के मूर्ति के नाम से वाकिफ होंगे। १९५७ से १९६२ के बीच में आई गुरुदत्त की बेहतरीन श्वेत श्याम फ़िल्मों ‘चौदहवीं का चाँद’, ‘काग़ज़ के फूल’ और ‘साहब बीवी और ग़ुलाम’ को फ़िल्माने वाले सिनेमेटोग्राफर वी के मूर्ति को वर्ष २००८ के प्रतिष्ठित दादासाहब फाल्के पुरस्कार के लिए चुना गया और उन्हें २० जनवरी २०१० को यह पुरस्कार प्रदान किया गया। एक सिनेमेटोग्राफर को फिल्म जगत का यह सर्वोच्च सम्मान हासिल करने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा।
देश दुनिया के इतिहास में २० जनवरी की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है:~
१८१७ : कलकत्ता हिंदू कॉलेज की स्थापना। मौजूदा समय में यह प्रेजीडेंसी कॉलेज के नाम से विख्यात है।
१९५७ : प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र, ट्रांबे (बंबई) में स्थापित देश के पहले परमाणु रिएक्टर अप्सरा का उद्घाटन किया।
१९६१ : अमेरिका के राष्ट्रपति जॉन एफ कैनेडी ने ऐतिहासिक भाषण दिया, जिसमें उन्होंने देशवासियों से कहा, ‘‘यह मत पूछो कि तुम्हारा देश तुम्हारे लिए क्या कर सकता है बल्कि यह बताओ कि तुम अपने देश के लिए क्या कर सकते हो।’’
१९७२ : अरूणाचल प्रदेश, जो पहले नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर एजेंसी था, केन्द्र शासित क्षेत्र बना और मेघालय को राज्य का दर्जा दिया गया।
१९८१ : ईरान में बंधक संकट समाप्त। अयातुल्लाह खुमैनी ने १५ महीने से बंधक बनाए गए ५२ अमेरिकियों को रिहा कर दिया।
१९८८ : स्वतंत्रता सेनानी भारत रत्न ख़ान अब्दुल गफ़्फ़ार ख़ान का निधन।
२००९ : बराक ओबामा अमेरिका के ४४ वें राष्ट्रपति बने। वह यह पद ग्रहण करने वाले अफ्रीकी मूल के पहले अमेरिकी थे।
२०१८ : नेत्रहीनों के बीच खेले जाने वाले क्रिकेट विश्व कप में भारत ने लगातार दूसरी बार खिताबी जीत हासिल की।

About Author

Advertisement