८ लाख के इनामी चार माओवादियों ने सुकमा में किया आत्मसमर्पण

202511243585839

सुकमा (छत्तीसगढ़): छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में कुल 8 लाख रुपये के इनामी चार माओवादियों ने हथियारों सहित सुरक्षा बलों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। आत्मसमर्पण करने वालों में दो महिलाएं भी शामिल हैं।
बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले सभी माओवादी दक्षिण बस्तर डिवीजन के अंतर्गत किस्टाराम एरिया कमेटी के सक्रिय सदस्य थे। उन्होंने राज्य सरकार की ‘पूना मार्गेम’ पहल के तहत आत्मसमर्पण किया।
पुलिस के अनुसार एरिया कमेटी सदस्य सोढ़ी जोगा पर ५ लाख रुपये का इनाम घोषित था, जबकि डाबर गंगा उर्फ मडकम गंगा, सोढ़ी राजे और माड़वी बुधरी पर एक-एक लाख रुपये का इनाम था। आत्मसमर्पण के दौरान माओवादियों ने एक इंसास राइफल, एक सिंगल लोडिंग राइफल (एसएलआर), एक .३०३ राइफल, एक .३१५ राइफल तथा भारी मात्रा में गोला-बारूद सौंपा।
आईजी सुंदरराज ने बताया कि किस्टाराम और गोलापल्ली क्षेत्रों में नए सुरक्षा शिविरों की स्थापना, सड़क संपर्क के विस्तार और लगातार चलाए गए प्रभावी नक्सल विरोधी अभियानों के कारण माओवादियों की गतिविधियां सीमित हुई हैं। इससे उनके स्वतंत्र आवागमन का क्षेत्र काफी सिमट गया है।
उन्होंने कहा कि आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों को राज्य सरकार की नीति के अनुसार पुनर्वास, वित्तीय सहायता और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सुकमा के पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने क्षेत्र में सक्रिय शेष माओवादी कैडरों से हिंसा का रास्ता छोड़ने की अपील करते हुए उन्हें सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन का आश्वासन दिया।
इस आत्मसमर्पण के साथ ही चालू वर्ष में छत्तीसगढ़ में आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों की संख्या २०० से अधिक हो गई है। इससे पहले १५ जनवरी को पड़ोसी बीजापुर जिले में ५२ माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया था। वर्ष २०२५ में राज्य में १,५०० से अधिक माओवादी आत्मसमर्पण कर चुके हैं। केंद्र सरकार ने ३१ मार्च तक देश से नक्सलवाद समाप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

About Author

Advertisement