लॉस एंजिलिस: विश्व के प्रतिष्ठित संगीत पुरस्कार ६८वें ग्रैमी अवॉर्ड समारोह में तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा ने ऑडियो बुक, कथावाचन और स्टोरीटेलिंग रिकॉर्डिंग श्रेणी में ग्रैमी पुरस्कार जीता। यह उनका पहला ग्रैमी अवॉर्ड है। इस श्रेणी में उन्होंने अमेरिकी सर्वोच्च न्यायालय की न्यायाधीश केतनजी ब्राउन जैक्सन को पीछे छोड़ा।
फिल्म ‘के-पॉप डेमन हंटर्स’ के गीत ‘गोल्डन’ को दृश्य मीडिया के लिए लिखे गए सर्वश्रेष्ठ गीत का पुरस्कार मिला। यह पहला अवसर है जब किसी के-पॉप कलाकार या समूह ने ग्रैमी पुरस्कार जीता। पुरस्कार स्वीकार करते समय गीतकारों ने अंग्रेजी और कोरियाई—दोनों भाषाओं में संबोधन दिया।
संगीत फिल्म श्रेणी में ‘म्यूजिक फॉर जॉन विलियम्स’ को ग्रैमी प्रदान किया गया। इसके साथ ही निर्देशक स्टीवन स्पीलबर्ग ने अपना पहला ग्रैमी जीता और आधिकारिक रूप से ईजीओटी (एमी, ग्रैमी, टोनी और ऑस्कर जीतने वाले कलाकार) बन गए।
मुख्य समारोह से पूर्व आयोजित प्रारंभिक पुरस्कार समारोह लॉस एंजिलिस के पीकॉक थिएटर में हुआ, जहाँ कुल ८६ ग्रैमी पुरस्कार प्रदान किए गए। समारोह के दौरान कई कलाकारों ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन की आव्रजन नीति के विरुद्ध आवाज उठाई। अमेरिकी गायक शाबूजी ने भावुक होकर कहा कि प्रवासियों ने इस देश का निर्माण किया है। वहीं गायिका ग्लोरिया एस्टेफन ने वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर चिंता जताई।










