१६ मार्च: विश्व की एतिहासिक घटनाएं

images (1)

नया दिल्ली: मार्च का महीना क्रिकेट से जुड़ी कई बड़ी घटनाओं के साथ इतिहास में दर्ज है। १६ मार्च भी क्रिकेट के लिए एक ऐतिहासिक दिन माना जाता है। भारत में क्रिकेट को किसी धर्म की तरह माना जाता है और सचिन तेंदुलकर को प्रशंसक भगवान जैसा सम्मान देते हैं।
१६ मार्च २०१२ का दिन क्रिकेट इतिहास में विशेष रूप से दर्ज है। इस दिन एशिया कप के एक मुकाबले में बांग्लादेश के खिलाफ मीरपुर स्थित शेर-ए-बंगाल स्टेडियम में खेलते हुए सचिन तेंदुलकर ने शतक जड़कर एक अभूतपूर्व रिकॉर्ड अपने नाम किया था। यह एकदिवसीय क्रिकेट में उनका ४९वाँ शतक था, जबकि टेस्ट क्रिकेट में वे पहले ही ५१ शतक बना चुके थे। इस तरह “मास्टर ब्लास्टर” सचिन तेंदुलकर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शतकों का शतक पूरा किया।
भारत रत्न से सम्मानित सचिन तेंदुलकर यह कीर्तिमान स्थापित करने वाले दुनिया के अब तक के एकमात्र बल्लेबाज हैं। आज तक कोई अन्य खिलाड़ी इस मुकाम तक नहीं पहुंच सका है।
१६ मार्च की अन्य प्रमुख ऐतिहासिक घटनाएँ इस प्रकार हैं—
१५२७: बाबर ने खानवा के युद्ध में राणा सांगा को पराजित किया।
१६९३: इंदौर के होल्कर वंश के संस्थापक मल्हारराव होल्कर का जन्म हुआ।
१८४६: प्रथम अंग्रेज-सिख युद्ध के बाद अमृतसर संधि पर हस्ताक्षर किए गए।
१९०१: स्वतंत्रता सेनानी पी. श्रीरामुलु का जन्म हुआ।
१९१०: इफ्तिखार अली खान पटौदी का जन्म हुआ। उन्होंने भारत और इंग्लैंड, दोनों देशों के लिए क्रिकेट खेला।
२०००: पाकिस्तान के लाहौर की एक अदालत ने जावेद इकबाल को मौत की सजा सुनाई। उस पर ६ से १६ वर्ष की आयु के बच्चों के साथ दरिंदगी करने और उनकी हत्या कर शवों को तेजाब में डालकर सबूत मिटाने का आरोप था। हालांकि सजा लागू होने से पहले ही उसने आत्महत्या कर ली।
२०१४: क्रीमिया में यूक्रेन से अलग होकर रूस में शामिल होने के लिए जनमत संग्रह कराया गया। कई देशों के विरोध के बावजूद रूस ने जनमत संग्रह के बाद क्रीमिया को अपने में मिला लिया।
२०२४: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मुंबई के मध्य क्षेत्र में स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर के स्मारक चैत्यभूमि पर श्रद्धांजलि अर्पित कर तथा भारतीय संविधान की प्रस्तावना पढ़कर अपनी ६३ दिन की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ का समापन किया।

About Author

Advertisement