१५ फरवरी का इतिहास

3D Rendering

नयी दिल्ली: लोग अकसर अपनी पसंदीदा चीजों के नाम अपने किसी प्रिय व्यक्ति के नाम पर रखते हैं और १५ फरवरी १९०३ को मॉरिस मिख्टॉम ने जब अपने हाथ से बनाए गोल मटोल मासूम से दिखने वाले भालू की शक्ल के दो साफ्ट टॉय बाजार में उतारे तो इन्हें ‘टैडी’ नाम दिया। यह टैडी बियर से दुनिया की पहली मुलाकात थी।
इस बात से बहुत कम लोग वाकिफ हैं कि अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति थियोडोर रूजवेल्ट को लोग प्यार से ‘‘टैडी’’ बुलाया करते थे और मिख्टॉम ने अपने खिलौने का नाम टैडी रखने के लिए खास तौर से राष्ट्रपति रूजवेल्ट से इसकी इजाजत ली थी। उन्होंने इसके लिए बाकायदा उन्हें एक अर्जी भेजी और राष्ट्रपति ने खुशी खुशी इसके लिए अपनी अनुमति दे दी। उस वक्त मिख्टॉम और रूजवेल्ट दोनो में से किसी को भी यह एहसास नहीं रहा होगा कि एक दिन उनका यह खिलौना दुनिया भर के बच्चों की पहली पसंद बन जाएगा।
देश दुनिया के इतिहास में १५ फरवरी की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है:
१५६४: इतावली खगोलविद् और गणितज्ञ गैलीलियो का जन्‍म।
१८६९: मशहूर उर्दू शायर मिर्जा गालिब का निधन।
१९०३: मॉरिस मिख्टॉम ने खुद के बनाए दो साफ्ट टॉय ‘टैडी’ के नाम से बाजार में उतारे।
१९६१: बेल्जियम का एक विमान ब्रसेल्स हवाई अड्डे पर उतरने से कुछ देर पहले दुर्घटनाग्रस्त। मरने वाले ७३ लोगों में अमेरिका की फिगर स्केटिंग टीम के १७ सदस्य भी थे।
१९६५: कनाडा में शाही घोषणा के बाद सफेद और लाल धारीदार पृष्ठभूमि वाले ध्वज को आधिकारिक तौर पर अपनाया, जिसके सफेद भाग पर लाल पत्ती बनी थी।
१९६७: भारत में चौथी लोकसभा के लिए चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न।
१९७१: इजराइल ने १९६७ में जिस इलाके पर कब्जा किया था वहां अन्तरराष्ट्रीय विरोध के बावजूद आवासीय परियोजनाएं बनाने के इरादे की घोषणा की।
१९७८: लिओन स्पिंक्स ने मोहम्मद अली को हराकर विश्व हैवीवेट मुक्केबाजी खिताब अपने नाम किया।
१९८९: तत्कालीन सोवियत संघ की सेना की अंतिम टुकड़ी ने अफगानिस्तान से वापसी की।
२००८: स्कॉटलैंड के साइक्लिस्ट मार्क ब्यूमोंट ने १९५ दिन में २९,००० किलोमीटर साइकिल चलाकर दुनिया का चक्कर लगाने का नया विश्व रिकार्ड बनाया।
२०१०: सशस्त्र माओवादियों ने पश्चिम बंगाल के पश्चिमी मिदनापुर ज़िले में स्थित सिल्दा शिविर पर हमला कर २४ जवानों की जान ले ली।

About Author

Advertisement