कोलकाता: केरल के पथानमथिट्टा जिले के मल्लप्पल्ली की १० माह की मासूम अलिन शेरिन अब्राहम ने अपने निधन के बाद अंगदान करके मानवता की मिसाल कायम की। जन्म के केवल दस महीने बाद अलिन की मौत के बावजूद उसके अंगों ने पांच लोगों को जीवनदान दिया।
५ फरवरी को अलिन अपनी मां और दादा-दादी के साथ कोट्टायम से तिरुवल्ला जा रही थी, तभी रास्ते में एक भीषण दुर्घटना हुई। हादसे में गंभीर रूप से घायल अलिन को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसे ब्रेन डेड घोषित कर दिया गया।
गहरे शोक के बीच अलिन के पिता अरुण अब्राहम और मां शेरिन आन जॉन ने साहसिक निर्णय लेते हुए अपनी बेटी के अंगदान की अनुमति दी। एर्नाकुलम के अस्पताल में उसके लीवर, किडनी, आंखों की कॉर्निया और हार्ट वाल्व दान किए गए।
अलिन का लीवर किम्सहेल्थ, तिरुवनंतपुरम में भर्ती छह महीने के शिशु को प्रत्यारोपित किया गया। उसी अस्पताल में एक अन्य बच्चे को उसकी किडनी दी गई।
केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने इस संवेदनशील निर्णय के लिए परिवार के प्रति आभार जताया। वहीं मुख्यमंत्री पिनारयी विजयन ने अलिन को राज्य सम्मान देने का निर्णय लिया।
लोगों का कहना है कि अलिन के माता-पिता ने साबित कर दिया कि इंसानियत शोक से भी बड़ी होती है।









