होर्मुज जलडमरूमध्य पर अमेरिका का रुख सख्त

donald-trump

ट्रंप बोले: ‘यह हमारी जिम्मेदारी नहीं’

दुबई: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ जारी तनाव के बीच सहयोगी देशों पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना अमेरिका की जिम्मेदारी नहीं है।
पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग को खुला रखना उन देशों का दायित्व है, जो इस पर निर्भर हैं। उन्होंने कहा, “यह हमारा काम नहीं है। यह फ्रांस का काम होगा और उन देशों का, जो इस जलडमरूमध्य का इस्तेमाल कर रहे हैं।”
ट्रंप ने यह भी दावा किया कि अमेरिकी सेना अगले दो से तीन सप्ताह के भीतर हमलों को समाप्त कर सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि ईरान इस मार्ग को बाधित करता है, तो उसके परिणामों से अमेरिका का “कोई लेना-देना नहीं होगा।”
इस बीच, होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव बढ़ने का असर वैश्विक ऊर्जा बाजार पर भी पड़ा है। अमेरिका में पेट्रोल की औसत कीमत चार डॉलर प्रति गैलन से ऊपर पहुंच गई है।
तनाव तब और बढ़ गया जब मंगलवार तड़के अमेरिकी हमले में ईरान के इस्फहान स्थित एक परमाणु ठिकाने को निशाना बनाया गया। इसके जवाब में तेहरान ने दुबई तट के पास एक कुवैती तेल टैंकर पर हमला किया। इन घटनाओं से क्षेत्रीय अस्थिरता और गहरी हो गई है।
अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद शुरू हुए इस संघर्ष में अब तक ३,००० से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। साथ ही, वैश्विक स्तर पर तेल और प्राकृतिक गैस की आपूर्ति भी गंभीर रूप से प्रभावित हुई है।

About Author

Advertisement