पल्लेकेले: टी२० वर्ल्ड कप के सुपर ८ में इंग्लैंड के खिलाफ हार के बावजूद, पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रिकॉर्ड बनाए। पल्लेकेले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शाहीन ने पावरप्ले में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड तोड़ने के साथ ही पाकिस्तान के लिए टी२० अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।
शाहीन ने पहले इंग्लैंड के फिल साल्ट और जोस बटलर को आउट कर, टी२० अंतरराष्ट्रीय प्रारूप में पावरप्ले में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज टीम साउथी का रिकॉर्ड तोड़ा। साउथी ने १२६ टी२० अंतरराष्ट्रीय मैचों में पावरप्ले में ५८ विकेट लिए थे, जबकि शाहीन ने १०२ मैचों में ५९ पावरप्ले विकेट पूरे कर लिए।
पावरप्ले में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में भारत के अर्शदीप सिंह तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने ८० मैचों में पावरप्ले में ५३ विकेट लिए। इसी सूची में भारत के भुवनेश्वर कुमार (४७ विकेट) चौथे और ऑस्ट्रेलिया के जोश हेज़लवुड (४६ विकेट) पांचवें स्थान पर हैं।
शाहीन यहीं नहीं रुके। उन्होंने जेकब बेथेल का विकेट लेकर अपने साथी हारिस रऊफ का रिकॉर्ड तोड़ा और पाकिस्तान के लिए टी२० अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए। शाहीन ने १०२ टी२० अंतरराष्ट्रीय मैचों में १३५ विकेट लिए। वहीं, रऊफ ने ९४ मैचों में १३३ विकेट लिए। इस सूची में स्पिनर शादाब खान १२३ विकेट के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
कुल मिलाकर, टी२० अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड अफगानिस्तान के राशिद खान (१९३ विकेट) के नाम पर है।










