स्पेनिश ला लीगा: रियल सोसिएदाद के विरुद्ध रियल मैड्रिड की एकतरफा जीत

IMG-20260215-WA0055

मैड्रिड: ला लीगा फुटबॉल प्रतियोगिता में रियल मैड्रिड सीएफ ने अपनी जीत का क्रम जारी रखा। शनिवार रात खेले गए मैच में रियल मैड्रिड ने रियल सोसिएदाद को ४-१ से पराजित किया।
अपने घरेलू मैदान सैंटियागो बर्नब्यू स्टेडियम में ५६ प्रतिशत पजेशन के साथ खेलने वाली रियल मैड्रिड की ओर से स्टार फॉरवर्ड विनीसियस जूनियर ने दो गोल किए। उन्होंने २५वें और 48वें मिनट में पेनल्टी के माध्यम से गोल दागे। इसके अतिरिक्त गोंज़ालो गार्सिया ने पाँचवें मिनट में तथा फेडेरिको वाल्वेर्दे ने ३१वें मिनट में गोल किया।
रियल सोसिएदाद की ओर से मिकेल ओयारज़ाबाल ने २१वें मिनट में एकमात्र गोल किया। इस जीत के साथ रियल मैड्रिड २४ मैचों में ६० अंकों के साथ ला लीगा अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गया। आठवें स्थान पर काबिज रियल सोसिएदाद के ३१ अंक हैं।
उधर आरसीडी एस्पानयोल और आरसी सेल्टा विगो के बीच खेला गया रोमांचक मुकाबला २-२ से बराबरी पर समाप्त हुआ। मैच की शुरुआत में बढ़त लेने के बावजूद सेल्टा विगो एक समय हार के करीब पहुंच गया था, लेकिन बोर्खा इग्लेसियस ने इंजरी टाइम के तीसरे मिनट में गोल कर टीम को बराबरी दिलाई। सेल्टा विगो के लिए एक अन्य गोल फेरान जुत्ग्ला ने 38वें मिनट में किया।
एस्पानयोल की ओर से किके गार्सिया ने ६६वें और डोलान ने 86वें मिनट में गोल किए। एस्पानयोल ३५ अंकों के साथ छठे तथा सेल्टा विगो ३४ अंकों के साथ सातवें स्थान पर है।
अन्य मुकाबलों में सेविला एफसी और डेपोर्टिवो अलावेस के बीच मैच १-१ से ड्रॉ रहा, जबकि गेटाफे सीएफ ने विलारियल सीएफ को २-१ से पराजित किया।

About Author

Advertisement