नई दिल्ली: टी२० वर्ल्ड कप २०२६ में शानदार फ़ॉर्म में दिख रही न्यूज़ीलैंड टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार ऑलराउंडर माइकल ब्रेसवेल चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह कोल मैककॉन्ची को टीम में शामिल किया गया है।
टीम के वॉर्म-अप सत्र के दौरान ब्रेसवेल की पसली की पुरानी चोट फिर से उभर आई। मेडिकल जांच में चोट को गंभीर बताया गया है। विशेषज्ञों के अनुसार उन्हें पूरी तरह फिट होने में लगभग तीन सप्ताह का समय लगेगा। इसी वजह से जारी टी२० वर्ल्ड कप में उनका खेल पाना संभव नहीं होगा।
गौरतलब है कि पिछले महीने भारत के खिलाफ तीसरे वनडे मैच के दौरान ब्रेसवेल को चोट लगी थी। इसके बाद उन्होंने लंबा रिहैबिलिटेशन कार्यक्रम पूरा किया, लेकिन मैदान पर वापसी के तुरंत बाद उनकी चोट दोबारा उभर गई।
ब्रेसवेल की गैरमौजूदगी में न्यूज़ीलैंड ने कैंटरबरी किंग्स के कप्तान और ऑफ स्पिन ऑलराउंडर कोल मैककॉन्ची को टीम में शामिल किया है। वह १३ फ़रवरी को टीम से जुड़ेंगे। मैककॉन्ची ने आख़िरी बार अप्रैल २०२४ में न्यूज़ीलैंड का प्रतिनिधित्व किया था।
उल्लेखनीय है कि टी२० वर्ल्ड कप में न्यूज़ीलैंड ने शानदार शुरुआत की है। टीम अफगानिस्तान और यूएई के खिलाफ लगातार दो मैच जीत चुकी है।











