सोमवार को छठ पूजा में शामिल होंगी मुख्यमंत्री

IMG-20251023-WA0097

कोलकाता: दुर्गा पूजा और काली पूजा के बाद अब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सोमवार, २७ अक्टूबर को पवित्र छठ पूजा का शुभारंभ करेंगी। सरकारी सूत्रों के अनुसार, हर साल की तरह इस बार भी मुख्यमंत्री सोमवार शाम को कोलकाता के बंदर इलाके में दहीघाट और तख्ताघाट जाएँगी।
साथ ही वे हावड़ा और हुगली के कई स्थानों पर वर्चुअल माध्यम से भी उत्सव की शुरुआत कर सकती हैं। सूत्रों का कहना है कि इस वर्ष भी ममता बनर्जी अपने लिखे नये छठ गीत को सार्वजनिक कर सकती हैं। दहीघाट में पूजा अर्चना के साथ ही वे लोगों को सौहार्द और एकता का संदेश देंगी। काली पूजा समाप्त होते ही राज्य प्रशासन ने छठ की तैयारियाँ शुरू कर दी हैं।
इस संबंध में दो दिन का अवकाश पहले ही घोषित किया जा चुका है। नगर निगम सूत्रों के मुताबिक, गंगा घाटों, तालाबों और कृत्रिम जलाशयों को मिलाकर कुल १८८ स्थानों पर पूजा की तैयारी की जा रही है। इनमें से १५३ घाट नगर निगम और २९ घाट कोलकाता मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (केएमडीए) की ओर से बनाए जा रहे हैं। घाटों पर महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, बायो टॉयलेट और अन्य सुविधाएँ उपलब्ध होंगी।
साथ ही शहर में छह कृत्रिम तालाब भी तैयार किए जा रहे हैं। सुरक्षा पर विशेष जोर दिया जा रहा है। राजनीतिक सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री इस अवसर पर राज्य के हिंदी भाषी लोगों के लिए एक विशेष संदेश दे सकती हैं, जो आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

About Author

Advertisement