सेवा, अनुशासन और नेतृत्व की मिसाल बने एनसीसी कैडेट

sanmarg_2026-02-09_283dm2rj_WhatsApp-Image-2026-02-09-at-5.05.34-PM-1

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के राज्यपाल डॉ. सी. वी. आनंद बोस ने सोमवार को लोक भवन, कोलकाता में आयोजित एक भव्य सम्मान समारोह में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) निदेशालय, पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम के उत्कृष्ट कैडेटों को सम्मानित किया।
समारोह में एनसीसी निदेशालय पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम के अतिरिक्त महानिदेशक, मेजर जनरल अमरपाल सिंह चहल (सेना मेडल) सहित कई वरिष्ठ सैन्य एवं असैनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सेना, नौसेना और वायु सेना विंग के कुल ५५ कैडेटों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र सेवा में उल्लेखनीय योगदान के लिए राज्यपाल पदक प्रदान किए गए। इसके साथ ही सर्वश्रेष्ठ सेना, नौसेना और वायु सेना एनसीसी यूनिट तथा सर्वश्रेष्ठ ग्रुप को ट्रॉफी और बैनर देकर सम्मानित किया गया।
राज्यपाल ने गणतंत्र दिवस परेड एवं गणतंत्र दिवस शिविर (आरडीसी) २०२६ में पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम एनसीसी दल के शानदार प्रदर्शन की विशेष सराहना की। इस अवसर पर कैडेट सार्जेंट प्रीति शर्मा को देशभर में वरिष्ठ विंग की सर्वश्रेष्ठ वायु सेना कैडेट घोषित किया गया, जबकि आरडीसी दल ने सर्वश्रेष्ठ लाइन एरिया ट्रॉफी भी अपने नाम की।
अपने संबोधन में राज्यपाल ने युवाओं के चरित्र निर्माण, अनुशासन की भावना और राष्ट्र निर्माण में एनसीसी की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। समारोह का वातावरण गौरव, प्रेरणा और उत्साह से परिपूर्ण रहा।

About Author

Advertisement