सीमा सुरक्षा मजबूत करने के लिए ५३ नई बटालियन बनाने का प्रस्ताव

f685fe74-72a9-42c6-b4f8-7e4c092343db_w408_r1_s

नई दिल्ली: देश से लगे विभिन्न देशों की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ५३ नई बटालियन बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों द्वारा गृह मंत्रालय को भेजे गए इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। उम्मीद है कि इसे जल्द ही मंजूरी मिल सकती है। इसके लागू होने पर लगभग ५५ हजार नए जवानों की भर्ती होगी, जिसमें सबसे अधिक संख्या केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल में होगी।
पिछले तीन वर्षों में भी सुरक्षा बलों का विस्तार किया गया है। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल में तीन बटालियन को मंजूरी दी गई, जो अब पूरी तरह स्थापित हो चुकी हैं। इसके अलावा भारत-चीन सीमा पर तैनात भारत-तिब्बत सीमा पुलिस में सात नई बटालियन को मंजूरी मिली है, जिससे लगभग आठ हजार जवानों की तैनाती हुई है। यहां एक नया सेक्टर मुख्यालय भी स्थापित किया गया है।
संसदीय स्थायी समिति की २५७वीं रिपोर्ट के अनुसार केंद्रीय बलों में ५३ नई बटालियन का प्रस्ताव गृह मंत्रालय को भेजा गया है। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल में २० अतिरिक्त बटालियन का प्रस्ताव विचाराधीन है। मंजूरी मिलने पर लगभग २२ हजार नए जवान शामिल किए जाएंगे।
सीमा सुरक्षा बल में दो अतिरिक्त सेक्टर मुख्यालय और १६ बटालियन बनाने का प्रस्ताव है। सशस्त्र सीमा बल में एक नया सेक्टर और १२ बटालियन का प्रस्ताव भेजा गया है। वहीं असम राइफल्स में पांच नई बटालियन जोड़ने की योजना है, जिससे पांच हजार से अधिक जवान बल का हिस्सा बनेंगे।

About Author

Advertisement