गान्तोक: राजधानी स्थित लोकभवन में आज अरुनाचल प्रदेश और मिजोरम का राज्य स्थापना दिवस मनाया गया। लोकभवन ने बताया कि यह कार्यक्रम भारत सरकार की ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ पहल के अंतर्गत आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में दोनों राज्यों की समृद्ध संस्कृति, इतिहास, परंपरा, खान-पान और पर्यटन स्थलों को दर्शाने वाली ऑडियो-वीडियो प्रस्तुति दिखाई गई। इस अवसर पर मिजोरम के राज्यपाल जनरल (डॉ.) विजय कुमार सिंह का संदेश भी प्रसारित किया गया।
राज्यपाल के संयुक्त सचिव दिवस गौतम ने कहा कि यह अवसर आपसी सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करने का माध्यम है। विशेष रूप से पूर्वोत्तर क्षेत्र की एकता और प्रगति के संदर्भ में यह दिन अत्यंत महत्वपूर्ण है।
राज्यपाल के एडीसी संतोष बनिया ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम भारत की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर के प्रतीक हैं। दोनों राज्यों की साहित्य, लोककला, उत्सव, खेल और हस्तशिल्प की गौरवशाली परंपराएँ हमारे महान राष्ट्र की विविधता में एकता को प्रतिबिंबित करती हैं।
कार्यक्रम में लोकभवन के अधिकारी, कर्मचारी और सुरक्षा कर्मी उपस्थित थे।










