सिक्किम कला तथा साहित्य महोत्सव के दूसरे संस्करण का उद्घाटन २६ अप्रैल को

xr:d:DAFhXHkIHg0:3,j:46055536738,t:23042804

गंगटोक: सिक्किम कला तथा साहित्य महोत्सव के आगामी दूसरे संस्करण को लेकर आज राजधानी के मनन केंद्र में एक समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में गंगटोक के विधायक दिलेन नामग्याल बारफुंगपा मुख्य अतिथि तथा विधायक आदित्य गोले विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
मुख्य अतिथि विधायक बारफुंगपा ने अपने संबोधन में आगामी महोत्सव की तैयारी में विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तामांग के नेतृत्व में राज्य सरकार कला, साहित्य और सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों को मनाने के लिए विभिन्न मंच प्रदान कर रही है तथा सृजनात्मक अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की पहलों को प्रोत्साहित कर रही है।
उन्होंने आगे कहा कि सिक्किम कला तथा साहित्य महोत्सव राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर, साहित्यिक परंपरा और जीवंत कलात्मक समुदाय को व्यापक दर्शकों के सामने प्रस्तुत करने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने सहयोग के महत्व पर बल देते हुए महोत्सव के सुचारु और सफल आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित पक्षों के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखने का आह्वान किया।
स्रोत वक्ता के रूप में उपस्थित उत्सव एवं विशेष परियोजना विषयक टीमवर्क आर्ट्स के सैयद शम्स जावेद ने जानकारी दी कि महोत्सव का उद्घाटन आगामी २६ अप्रैल २०२६ की संध्या को गंगटोक के रिज उद्यान परिसर में होगा। उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय इस महोत्सव के दौरान विभिन्न स्थानों पर लगभग २२ सत्र, पाँच से छह संवादात्मक कार्यशालाएँ तथा विविध सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों के उत्सव के रूप में संगीतमय संध्या का आयोजन किया जाएगा।
बैठक में मुख्यमंत्री के प्रेस सचिव युगेन तामांग, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त राजनीतिक सचिव छिरिंग वांगचुक लेप्चा, कौशल विकास तथा उद्यमिता विभाग के विशेष कर्तव्याधिकारी रिवाज छेत्री, सूचना तथा जनसंपर्क विभाग की सचिव अन्नपूर्णा आले, आबकारी विभाग की सचिव येस्से डोमा योंगदा, विद्यालय शिक्षा विभाग के सचिव ताशी छोपेल लेप्चा, पर्यटन तथा नागरिक उड्डयन विभाग की सचिव होंडाला ग्यालछेन, गंगटोक के जिला अधिकारी तुषार निखारे सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

About Author

Advertisement