साइफर्ट और एलन की शतकीय साझेदारी से न्यूजीलैंड की लगातार दूसरी जीत

IMG-20260211-WA0007

चेन्नई: आईसीसी टी२० वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की। मंगलवार को ग्रुप डी के मैच में न्यूजीलैंड ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को १० विकेट से पराजित किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए यूएई ने २० ओवर में ६ विकेट खोकर १७३ रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड ने टिम साइफर्ट (नाबाद ८९) और फिन एलन (नाबाद ८४) की विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत १५.२ ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए १७५ रन बनाकर मैच जीत लिया। इससे पहले अपने पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड ने अफगानिस्तान को हराया था।
१७४ रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए साइफर्ट और एलन की ओपनिंग जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में तेजी से रन बनाए। १६वें ओवर में मोहम्मद रोहिद की गेंद पर छक्का लगाकर साइफर्ट ने टीम को जीत दिलाई। साइफर्ट ने ४२ गेंदों में १२ चौकों और ३ छक्कों की मदद से नाबाद ८९ रन बनाए। वहीं एलन ने ५० गेंदों में ५ चौकों और ५ छक्कों की सहायता से नाबाद ८४ रन बनाए। पहले विकेट के लिए उनकी १७५ रन की अटूट साझेदारी टी२० वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड की ओर से किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है।
इससे पहले एम ए चिदंबरम स्टेडियम में बल्लेबाजी करते हुए यूएई ने १२ रन पर पहला विकेट गंवा दिया था, लेकिन कप्तान मोहम्मद वसीम और अलीशान शराफू ने टीम को संभाला और अच्छे स्कोर तक पहुंचाया। ओपनर आर्यांश शर्मा (८) दूसरे ओवर में आउट हो गए थे, जिसके बाद वसीम और शराफू ने पारी को आगे बढ़ाया। उनकी बदौलत यूएई ने टी२० वर्ल्ड कप के इतिहास में अपना सर्वोच्च स्कोर बनाया।
दूसरे विकेट के लिए वसीम और शराफू ने १०७ रन की साझेदारी की। वसीम ने ४५ गेंदों में ४ चौकों और ३ छक्कों की मदद से नाबाद ६६ रन बनाए। शराफू ने ४७ गेंदों में ५ चौकों और २ छक्कों के साथ ५५ रन बनाए। अंत में मयंक कुमार ने २१ रन का योगदान दिया। न्यूजीलैंड के गेंदबाजों में तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने सर्वाधिक २ विकेट लिए। टिम साइफर्ट को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

About Author

Advertisement