सबसे तेज़ १०,००० अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाली महिला क्रिकेटर बनीं स्मृति मंधाना

IMG-20251229-WA0082

तिरुवनंतपुरम: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना ने वर्ष २०२५ के अंत में एक ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली। श्रीलंका के विरुद्ध रविवार को खेले गए चौथे टी२० अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के १०,००० रन पूरे किए और इस मुकाम तक सबसे तेज़ पहुँचने वाली महिला क्रिकेटर बन गईं।
त्रिवेंद्रम में खेले गए इस मुकाबले में मंधाना को १०,००० अंतरराष्ट्रीय रन पूरे करने के लिए केवल २७ रनों की आवश्यकता थी। उन्होंने मैच में शानदार ८० रन बनाए और इसी के साथ महिला क्रिकेट में १०,००० अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाली चौथी खिलाड़ी बन गईं।
मंधाना से पहले यह उपलब्धि भारत की मिताली राज, न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स और इंग्लैंड की शार्लोट एडवर्ड्स ने हासिल की थी। स्मृति मंधाना ने अपने २८१वें अंतरराष्ट्रीय मैच में यह कीर्तिमान स्थापित किया, जो मिताली राज से १० मैच कम है। इस प्रकार वे महिला क्रिकेट में सबसे कम मैचों में १०,००० रन पूरे करने वाली खिलाड़ी बन गईं।
महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट (टेस्ट, वनडे और टी२० अंतरराष्ट्रीय मिलाकर) में सर्वाधिक १०,८६८ रन बनाने का रिकॉर्ड मिताली राज के नाम दर्ज है। वहीं सूजी बेट्स ने १०,६५२ रन और शार्लोट एडवर्ड्स ने १०,२७३ रन बनाए हैं।
स्मृति मंधाना ने महिला टेस्ट क्रिकेट में ६२९ रन, महिला एकदिवसीय क्रिकेट में ५,३२२ रन और महिला टी२० अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ४,१०२ रन बनाए हैं।

About Author

Advertisement