नई दिल्ली: आईपीएल २०२६ की शुरुआत से पहले सनराइजर्स हैदराबाद को एक और बड़ा झटका लगा है। टीम के प्रमुख ऑलराउंडर जैक एडवर्ड्स चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह फ्रेंचाइजी ने इंग्लैंड के अनुभवी तेज गेंदबाज डेविड पेन को टीम में शामिल किया है।
सनराइजर्स को पहले ही अपने कप्तान पैट कमिंस की चोट से झटका लग चुका है, जो शुरुआती मैचों से बाहर हैं। उनकी अनुपस्थिति में ईशान किशन को अस्थायी कप्तान बनाया गया है। अब जैक एडवर्ड्स के बाहर होने से टीम की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। एडवर्ड्स को मिनी नीलामी में ३ करोड़ रुपये में खरीदा गया था।
बीसीसीआई की ओर से जारी आधिकारिक बयान में इस बात की पुष्टि की गई है कि कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल २०२६ के लिए क्रमशः सौरभ दुबे और डेविड पेन को रिप्लेसमेंट के तौर पर शामिल किया है।
डेविड पेन इंग्लैंड के लिए एक वनडे अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं और दुनिया भर की टी२० लीगों में उनके नाम कुल २३३ मैच दर्ज हैं। उन्हें मिनी ऑक्शन में अनसोल्ड रहने के बाद १.५ करोड़ रुपये में सनराइजर्स ने टीम में जोड़ा है। अपने टी२० करियर में पेन ने २३३ मैचों में ३०४ विकेट लिए हैं।
वहीं, कोलकाता नाइट राइडर्स ने भी चोटिल तेज गेंदबाज आकाश दीप की जगह सौरभ दुबे को टीम में शामिल किया है, जिन्हें ३० लाख रुपये में साइन किया गया है।









