शालुगाड़ा: शालुगाड़ा नेपाली सांस्कृतिक समिति की पहल पर आज शालुगाड़ा बीएसएफ रोड पर आदिकवि भानुभक्त आचार्य की पूर्णाकृति प्रतिमा का अनावरण समारोह सम्पन्न हुआ।
उल्लेखनीय है कि कार्यक्रम में सिलीगुड़ी नगर निगम के महापौर गौतम देव सहित स्थानीय समाजसेवी, सांस्कृतिक कर्मी तथा विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। वक्ताओं ने नेपाली भाषा और साहित्य के विकास में आदिकवि भानुभक्त आचार्य के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनका कृतित्व और व्यक्तित्व नेपाली समाज को सदैव प्रेरणा देता रहेगा।

कार्यक्रम के अंत में महापौर गौतम देव ने बताया कि शालुगाड़ा नेपाली सांस्कृतिक समिति ने नेपाली भाषा, साहित्य और संस्कृति के संरक्षण तथा संवर्धन के उद्देश्य से इस प्रतिमा की स्थापना की है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह पहल भानुभक्त आचार्य के योगदान के प्रति सम्मान प्रकट करने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों को अपनी भाषा और संस्कृति के प्रति जागरूक और प्रेरित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।









