शतक के साथ विशेष उपलब्धि हासिल किया जो रूट ने

IMG-20260128-WA0068

कोलंबो: इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज़ जो रूट ने श्रीलंका के खिलाफ तीसरे और निर्णायक वनडे मैच में एक और यादगार पारी खेलते हुए इतिहास रच दिया। ३५ वर्षीय रूट ने नाबाद १११ रन बनाए। मैच में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए ५० ओवर में ३ विकेट खोकर ३५७ रन बनाए। इसके बाद श्रीलंकाई टीम ३०४ रन पर ऑलआउट हो गई, जिससे इंग्लैंड ने मैच ५३ रन से और सीरीज़ २–१ से जीत ली। यह रूट का वनडे अंतरराष्ट्रीय करियर का २०वां शतक और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कुल ६१वां शतक था।
इस पारी के दौरान रूट ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के तीनों प्रारूपों को मिलाकर २२,४०० रन पूरे किए। इसके साथ ही उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज़ ब्रायन लारा को पीछे छोड़ दिया। रूट अब इस सूची में आठवें स्थान पर पहुंच गए हैं और उनकी नज़र भारत के राहुल द्रविड़ पर है, जिनके नाम २४,२०८ अंतरराष्ट्रीय रन दर्ज हैं।
इस सूची में भारत के महान बल्लेबाज़ सचिन तेंदुलकर ३४,३५७ अंतरराष्ट्रीय रनों के साथ शीर्ष स्थान पर हैं। दूसरे स्थान पर भी भारत के ही विराट कोहली (२८,२१५ रन) हैं। श्रीलंका के कुमार संगकारा (२८,०१६ रन) तीसरे और ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग (२७४८३ रन) चौथे स्थान पर मौजूद हैं।

About Author

Advertisement