गुवाहाटी: मुंबई इंडियंस ने आईपीएल २०२६ में सकारात्मक शुरुआत की थी, लेकिन पिछले दो मैचों में टीम उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी। टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे सफल टीमों में शामिल मुंबई इंडियंस को लगातार दो मुकाबलों में निराशाजनक हार झेलनी पड़ी है।
मंगलवार को खेले गए मैच में मुंबई इंडियंस को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ गुवाहाटी में २७ रन से हार का सामना करना पड़ा। गुवाहाटी, राजस्थान रॉयल्स का दूसरा घरेलू मैदान है। विपक्षी टीम के मैदान पर मुंबई का खराब प्रदर्शन कोई नया नहीं है।
आईपीएल २०२३ के बाद से मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन विशेष रूप से विरोधी टीमों के घरेलू मैदानों पर बेहद निराशाजनक रहा है। आईपीएल २०२३ से लेकर आईपीएल २०२६ तक टीम ने विपक्षी मैदानों पर कुल २५ मैच खेले हैं, जिनमें से केवल ९ में जीत हासिल हुई, जबकि १६ मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा।
इस तरह २०२३ के बाद विरोधी मैदानों पर मुंबई इंडियंस का जीत प्रतिशत मात्र ३६ रहा है, जो अन्य टीमों की तुलना में काफी खराब है।
आईपीएल २०२६ में मुंबई ने अब तक तीन मैच खेले हैं। इसमें टीम को एकमात्र जीत कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ अपने घरेलू मैदान वानखेड़े स्टेडियम में मिली है। वहीं, टीम को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अरुण जेटली स्टेडियम और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में हार का सामना करना पड़ा है।











