सिडनी: अच्छी फॉर्म में होने के बावजूद ऑस्ट्रेलिया की टी२० वर्ल्ड कप टीम से बाहर किए जाने के बाद अनुभवी बल्लेबाज़ स्टीव स्मिथ ने राष्ट्रीय टीम में वापसी की उम्मीद में पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में खेलने का फैसला किया है। इसके तहत उन्होंने नई फ्रेंचाइज़ी सियालकोट स्टैलियंस के साथ करार किया है।
एशेज सीरीज़ में शानदार प्रदर्शन और सिडनी सिक्सर्स के साथ बिग बैश लीग (बीबीएल) में प्रभावशाली खेल के बावजूद स्मिथ को टी२० वर्ल्ड कप टीम में जगह नहीं मिली, जिसकी शुरुआत ७ फरवरी से हो रही है। ३६ वर्षीय स्मिथ की नजर २०२८ में लॉस एंजिलिस में होने वाले ओलंपिक खेलों पर भी है, जहां क्रिकेट को टी२० प्रारूप में शामिल किया गया है। इसी वजह से वह खुद को टी२० क्रिकेट में लगातार सक्रिय बनाए रखना चाहते हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सियालकोट स्टैलियंस से जुड़ने वाले स्मिथ इस फ्रेंचाइज़ी के पहले अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हैं। फ्रेंचाइज़ी ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व टेस्ट कप्तान टिम पेन को मुख्य कोच नियुक्त किया है, जबकि पूर्व तेज़ गेंदबाज़ जेसन गिलेस्पी PSL की एक अन्य नई टीम हैदराबाद किंग्समेन के मुख्य कोच होंगे।











