सिलीगुड़ी: राज्य बजट में लक्ष्मी भंडार योजना के तहत मासिक अनुदान में ५०० रुपये की वृद्धि की घोषणा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने की है। इस घोषणा से पूरे बंगाल में खुशी की लहर दौड़ गई है और सिलीगुड़ी भी इससे अछूता नहीं है।
मुख्यमंत्री के इस फैसले का स्वागत करते हुए दार्जिलिंग जिला तृणमूल कांग्रेस की ओर से सिलीगुड़ी शहर में लक्ष्मी भंडार योजना की लाभार्थी महिलाओं के बीच मिठाइयां वितरित की गईं। इस अवसर पर पापिया घोष उपस्थित रहीं। महिलाओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी जाहिर की।
पापिया घोष ने कहा, “मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वे गरीब लोगों के बारे में सोचती हैं। लक्ष्मी भंडार की राशि बढ़कर अब १५०० रुपये हो जाने से बंगाल की माताओं और बहनों को बड़ी राहत मिलेगी। यह राशि उनके दैनिक जीवन की कई आवश्यकताओं में सहायक होगी।”
उन्होंने आगे कहा, “यह हमारे लिए बेहद खुशी की बात है। मुख्यमंत्री जो कहती हैं, उसे करके दिखाती हैं, आज यह फिर साबित हो गया। आने वाले समय में बंगाल की माताओं और बहनों के लिए और भी कई योजनाएं हैं, जिनकी जानकारी समय पर दी जाएगी।”










