नई दिल्ली: रोजर फ़ेडरर ने भले ही टेनिस से संन्यास ले लिया हो, लेकिन उनके प्रति प्रशंसकों का क्रेज अभी भी वैसा ही बरकरार है। इसका अंदाजा उन्हें अंतरराष्ट्रीय टेनिस हॉल ऑफ़ फेम में शामिल करने वाले समारोह के टिकटों की भारी मांग से लगाया जा सकता है। फेडरर से संबंधित इस समारोह के सभी टिकट केवल २ मिनट में बिक गए।
आयोजकों ने आउटडोर पार्टी के लिए अतिरिक्त टिकट जारी किए थे, लेकिन वे भी जल्दी ही बिक गए। अंततः आयोजकों ने सीमित क्षमता के कारण और अधिक टिकट जारी न करने का बयान जारी किया। हॉल ऑफ़ फेम ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि यह एक छोटा लेकिन ऐतिहासिक स्थल है, इसलिए हमारी क्षमता सीमित है।
ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में २० बार चैंपियन रहे पुरुष खिलाड़ी को लेकर प्रशंसकों में पहले से ही उत्साह था। इस दिग्गज टेनिस खिलाड़ी को २९ अगस्त को प्रसारक मेरी केरिलो के साथ हॉल ऑफ़ फेम में शामिल किया जाएगा।
न्यूपोर्ट में होने वाले मुख्य समारोह के लिए पहले से उपलब्ध ९०० टिकटों के अलावा, ३,६०० सीट वाला स्टेडियम विशेष कार्यक्रम के लिए खोला जाएगा। प्रवक्ता मेगन एर्ब्स के अनुसार, कुल ४,५०० टिकट केवल २ मिनट में बिक गए।








