कोलकाता/आसनसोल: केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी के माध्यम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग द्वारा सिउड़ी में नवनिर्मित कुमरपुर रोड ओवरब्रिज (आरओबी) का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने राष्ट्र को समर्पित करते हुए नई आसनसोल–बोकारो रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
सिउड़ी में आयोजित कार्यक्रम में विधायक अनुप कुमार साहा, जगन्नाथ चट्टोपाध्याय सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक मिलिंद देवस्कर द्वारा अतिथियों के स्वागत के साथ हुई।
अपने संबोधन में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि ये परियोजनाएं पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्रों में रेल अवसंरचना को सुदृढ़ करने, सुरक्षा बढ़ाने तथा क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में पश्चिम बंगाल के लिए रेलवे को रिकॉर्ड १४,२०५ करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है, जो पूर्ववर्ती सरकारों के औसत आवंटन से तीन गुना से अधिक है।
रेल मंत्री ने कहा कि वर्तमान में राज्य में लगभग ९२,००० करोड़ रुपये की रेल परियोजनाएं प्रगति पर हैं, जो बंगाल में व्यापक अवसंरचनात्मक परिवर्तन को गति देंगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि हाल ही में प्रधानमंत्री द्वारा बंगाल के लिए एक दर्जन से अधिक नई ट्रेनों का शुभारंभ किया गया है।
उन्होंने कहा कि देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन तथा पहली अमृत भारत ट्रेन की शुरुआत पश्चिम बंगाल से हुई है। इसके अलावा, रेल बजट में बंगाल के लिए पहली बुलेट ट्रेन की घोषणा की गई है, जो सिलीगुड़ी से प्रारंभ होगी। प्रधानमंत्री द्वारा बंगाल को गुजरात से जोड़ने वाले फ्रेट कॉरिडोर को भी मंजूरी दी जा चुकी है। उत्तर बंगाल के ‘चिकन नेक’ क्षेत्र में भूमिगत रेल गलियारे के निर्माण की दिशा में भी पहल की जा रही है।
इस अवसर पर शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि इन परियोजनाओं का उद्घाटन पश्चिम बंगाल तथा उससे जुड़े क्षेत्रों में रेल अवसंरचना को सशक्त बनाने, जनसुरक्षा बढ़ाने और संपर्क व्यवस्था में सुधार की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है।
इसी अवसर पर आसनसोल और बोकारो स्टील सिटी के बीच नई रेल सेवा का भी शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में विधायक अजय कुमार पोद्दार और अग्निमित्रा पॉल भी उपस्थित रहीं।











