रूस ने ईरान को दिया “अटूट समर्थन’

putin2-1768583717

पुतिन ने नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई को दी बधाई

नई दिल्ली: व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार को ईरान के प्रति अपने “अटूट समर्थन” की पुष्टि की। उन्होंने ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई को पद संभालने पर बधाई भी दी। यह बयान ऐसे समय आया है जब ईरान का अमेरिका और इज़राइल के साथ तनाव चल रहा है।
समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार पुतिन ने कहा कि रूस तेहरान के साथ खड़ा रहेगा और ईरान के लोगों के साथ अपनी एकजुटता जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि मोजतबा खामेनेई अपने पिता अली खामेनेई के काम को सम्मान के साथ आगे बढ़ाएंगे और कठिन समय में ईरानी जनता को एकजुट करेंगे।
पुतिन ने यह भी कहा कि ऐसे समय में जब ईरान सशस्त्र हमलों का सामना कर रहा है, नए नेता के रूप में खामेनेई को साहस और समर्पण की जरूरत होगी।
इससे पहले शुक्रवार को ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन के साथ फोन पर हुई बातचीत में पुतिन ने अली खामेनेई, उनके परिवार के सदस्यों और कई राजनीतिक तथा सैन्य नेताओं की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया था।
रूसी सरकार के अनुसार पुतिन ने ईरान से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए बल प्रयोग का विरोध किया और संघर्ष को रोकने की जरूरत पर जोर दिया। वहीं ईरान के राष्ट्रपति ने इस कठिन समय में ईरानी जनता के साथ खड़े रहने के लिए रूस का आभार व्यक्त किया।
सोमवार को ईरान ने आधिकारिक रूप से आयातुल्लाह मोजतबा खामेनेई को देश का नया सर्वोच्च नेता घोषित किया। १९६९ में मशहद में जन्मे मोजतबा, दिवंगत नेता अली खामेनेई के छह बच्चों में से एक हैं।

About Author

Advertisement