रिलीज़ हुआ ‘गालवान’ फ़िल्म का गीत ‘मातृभूमि’

battle-of-galwan-teaser-out

मुंबई: गणतंत्र दिवस नज़दीक है। उससे पहले गीतों के ज़रिए देशभक्ति की भावना को जगाया है अरिजीत सिंह ने। ‘बैटल ऑफ़ गालवान’ फ़िल्म के गीत ‘मातृभूमि’ में उन्होंने उसी जज़्बे को सुरों में पिरोया है। गीत के दृश्यांकन में नज़र आ रहे हैं सलमान ख़ान। वह संकल्प लेते हैं- मातृभूमि के लिए जिएँगे और ज़रूरत पड़े तो देश के लिए प्राण भी देंगे।
देशभक्ति से ओत-प्रोत यह गीत रिलीज़ होते ही वायरल हो गया। तेज़ी से इसके व्यूज़ बढ़ रहे हैं। वैसे भी सलमान के एक्शन से भरपूर ‘बैटल ऑफ़ गालवान’ को लेकर शुरुआत से ही दर्शकों में जबरदस्त उत्साह रहा है। वजह भी साफ़ है, यह फ़िल्म २०२० में गलवान घाटी में हुए भारत-चीन संघर्ष की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जिसमें सलमान ख़ान कर्नल बिकुमल्ला संतोष बाबू की भूमिका निभाते नज़र आएँगे। एक जवान के किरदार के लिए भाईजान ने कड़ी तैयारी की है। शूटिंग शुरू होने से पहले वह रोज़ प्रेशर चैंबर में अभ्यास करते रहे और अपनी रोज़मर्रा की डाइट में भी बदलाव किया।
अब दर्शक नए अवतार में भाईजान को बड़े पर्दे पर देखने का इंतज़ार कर रहे हैं—एक ऐसे सैन्य अधिकारी के रूप में, जिन्होंने भारतीय सेना का नेतृत्व किया था। बीते २७ दिसंबर को अपने जन्मदिन पर सलमान ने बहुप्रतीक्षित देशभक्ति फ़िल्म ‘बैटल ऑफ़ गालवान’ का टीज़र जारी किया था। हालांकि निर्देशक अपूर्व लाखिया की इस फ़िल्म के टीज़र को लेकर विवाद भी कम नहीं हुआ। वास्तविकता में गलवान संघर्ष के दौरान चीनी सेना को भारतीय सेना के हाथों भारी नुकसान उठाना पड़ा था।
फ़िल्मी पर्दे पर भारतीय सुपरस्टार के हाथों ‘लाल फ़ौज’ की हार दिखाए जाने से बीजिंग में नाराज़गी देखी गई। चीन का दावा है, “इस तरह की विकृत जानकारी वाली फ़िल्मों के ज़रिए भारत राष्ट्रवाद को भड़का रहा है और चीनी सेना की छवि धूमिल करने की कोशिश कर रहा है।” इतना ही नहीं, चीनी मीडिया ने ‘बैटल ऑफ़ गालवान’ को भारत के राष्ट्रवादी उकसावे का ‘हथियार’ तक करार दिया। अब फ़िल्म के नए गीत ने भी ख़ासी चर्चा बटोरी है।

About Author

Advertisement